देश की खबरें | कूड़ा गाड़ी में मोदी और योगी की तस्वीरें ले जाने के बाद बर्खास्त सफाई कर्मी की सेवा बहाल

मथुरा (उप्र), 19 जुलाई मथुरा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें कथित रूप से कूड़ा गाड़ी से ले जाये जाने का वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम से बर्खास्त किये गये एक सफाईकर्मी को मंगलवार को बहाल कर दिया गया है।

नगर आयुक्त अनुनय झा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि पूरी स्थिति तथा सफाई कर्मी और उसके परिवार की मांग पर पर विचार करने के बाद उसे चेतावनी देते हुए पुन: काम पर ले लिया गया है।

मथुरा—वृन्दावन नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी ने रविवार को बताया था कि जनरल गंज क्षेत्र में कार्यरत सफाईकर्मी बॉबी द्वारा कूड़ा गाड़ी में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की तस्वीरें ले जाये जाने का वीडियो वायरल हुआ था।

तिवारी ने बताया था कि सफाई कर्मचारी ने कूड़े से उन तस्वीरों को नहीं निकाल कर गलती की, जिस कारण उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं हैं।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नगर निगम में संविदा पर कार्यरत सफाईकर्मी बॉबी कूड़ा एकत्र कर रहा था। इस बीच किसी ने साफ़-सफाई करने के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीर कूड़े में डाल दीं, जिन्हें देख कुछ लोगों ने आपत्ति करते हुए बॉबी से वाद—विवाद शुरु कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा। तभी कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर बॉबी से कहकर तत्काल उन तस्वीरों को कूड़े की ट्रॉली से हटवा दिया लेकिन तब तक किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो वायरल हो गया।

दूसरी ओर, बॉबी का कहना है कि उसने तो अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए कूड़ा इकट्ठा कर ट्रॉली में डाला था। उसके अनुसार कूड़े के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरें भी आ गई तो इसमें उसकी क्या गलती है।

निगम की इस कार्यवाही के बाद यह मामला चर्चा में आ गया और लोगों ने निगम का ही दोष निकालना शुरू कर दिया। लोगों की आपत्तियों एवं सफाई कर्मी के माफीनामे के बाद निगम के अधिकारियों ने इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर निर्णय लेने की जानकारी दी।

निगम द्वारा सफाई कर्मी को बहाल किये जाने के निर्णय पर सफाईकर्मी नेता उत्तम चंद्र सहजना आदि ने हर्ष व्यक्त किया है तथा सभी सफाईकर्मियों को भविष्य में यह ध्यान रखने की कड़ी हिदायत दी है कि राष्ट्रीय नेताओं अथवा प्रतीकों के साथ इस प्रकार की अवमानना जैसी घटना फिर कभी न हो।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)