एजेंसी न्यूज

Sensex Update: सेंसेक्स 616 अंक चढ़ा, निफ्टी 16,000 अंक के पास

घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 616 अंक से अधिक चढ़ गया. विदेशी संस्थागत निवेशकों की शुद्ध लिवाली के बीच यूरोपीय बाजारों में शुरुआती तेजी का बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा.

Sensex Update: सेंसेक्स 616 अंक चढ़ा, निफ्टी 16,000 अंक के पास
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (Photo Credits Wikimedia Commons)

मुंबई, 6 जुलाई : घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 616 अंक से अधिक चढ़ गया. विदेशी संस्थागत निवेशकों की शुद्ध लिवाली के बीच यूरोपीय बाजारों में शुरुआती तेजी का बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 616.62 अंक यानी 1.16 प्रतिशत उछलकर 53,750.97 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 684.96 अंक या 1.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53,819.31 अंक तक पहुंचा था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 178.95 अंक यानी 1.13 प्रतिशत के लाभ के साथ 15,989.80 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, टाइटन, मारुति सुजुकी इंडिया, कोटक महिंद्रा बैंक और नेस्ले प्रमुख रूप से लाभ में रहे. दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावरग्रिड, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो तथा टाटा स्टील शामिल हैं. हेम सिक्योरिटीज के प्रमुख (पीएमएस) मोहित निगम ने कहा, ‘‘नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध शुरुआती आंकड़ों के अनुसार एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) पांच जुलाई को शुद्ध खरीदार रहे. उन्होंने 1,295.84 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे.’’ यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से काठमांडू के लिए बस सेवा शुरू

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे. यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा. इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2022 04:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).