देश की खबरें | वरिष्ठ छाया पत्रकार के वी श्रीनिवासन का निधन

चेन्नई, दो जनवरी एक अंग्रेजी दैनिक के वरिष्ठ छाया पत्रकार के वी श्रीनिवासन का सोमवार को यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 56 साल के थे।

उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।

तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और सूचना मंत्री एम पी सामीनाथन ने श्रीनिवासन के निधन पर शोक प्रकट किया तथा उनके शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

स्टालिन ने एक बयान में कहा कि राजकीय पत्रकार परिवार कल्याण कोष से उन्होंने मृतक के परिवार के लिए पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता जारी करने का आदेश दिया है। विभिन्न पत्रकार संघों ने श्रीनिवासन के निधन पर शोक प्रकट किया है।

तमिलनाडु प्रेस फोटोग्राफर्स एसोसिएशन एवं मद्रास रिपोर्टर्स गिल्ड ने कहा है कि सोमवार को यहां प्रात: श्री पार्थसारथी पेरुमल मंदिर में ‘वैकुंठ एकादशी’ उत्सव को कवर कर रहे ‘द हिंदू’ के वरिष्ठ छाया पत्रकार श्रीनिवासन को दिल का दौरा पड़ा और वह मूर्छित हो गये। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।

राजभवन के ट्विटर हैंडल पर कहा गया है, ‘‘ राज्यपाल रवि ने द हिंदू के वरिष्ठ छाया पत्रकार के वी श्रीनिवासन के शोकसंतप्त परिवार के लिए संवेदना प्रकट की है। पत्रकारिता एवं समाज कल्याण में उनका (श्रीनिवासन का) उल्लेखनीय योगदान सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

गिल्ड के अनुसार, वर्ष 2002 से ‘द हिंदू’ से संबद्ध श्रीनिवासन समाज कल्याण की गतिविधियों में सक्रियता से हिस्सा लेते थे और श्री पार्थसारथी मंदिर में स्वयंसेवी थे।

इससे पहले वह ‘‘फायनेन्शियल एक्सप्रेस’’ और ‘‘इंडियन एक्सप्रेस’’ के लिए भी काम कर चुके थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)