देश की खबरें | मिजोरम कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक ने प्रदेश कोषाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया

आइजोल, 21 अप्रैल मिजोरम में विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी कांग्रेस को झटका लगा है और प्रदेश के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक जेड. रालते ने कोषाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रालते ने अपना त्यागपत्र पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लाल थंजारा को सौंपा, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष लालसावता अभी दिल्ली में हैं।

लाल थंजारा ने कहा, ‘‘मुझे उनके इस्तीफे के कारण की जानकारी नहीं है, क्योंकि मैंने अभी तक उनका पत्र नहीं खोला है। पार्टी नेतृत्व इस पर विचार करेगा और हमारे प्रदेश अध्यक्ष के दिल्ली से लौटने के बाद अंतिम फैसला किया जाएगा।’’

कांग्रेस विधायक दल के नेता रालते से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि चार बार के विधायक रालते दिसंबर 2021 में पद सभांलने वाले लालसावता के नेतृत्व से नाखुश हैं।

प्रदेश में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)