देश की खबरें | केरल के स्कूल में बैठक के दौरान शिक्षकों में हाथापाई, एक गिरफ्तार

कोझिकोड, 16 नवंबर उत्तरी केरल के कोझिकोड जिले में एक स्कूल में कर्मचारी परिषद की बैठक में हाथापाई के दौरान सात शिक्षक घायल हो गए।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि एक संकाय सदस्य के पति को घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति एक अन्य स्कूल में शिक्षक है।

सप्ताह की शुरुआत में हुई इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद मामला प्रकाश में आया। घटना पास के नारिकुनी में एरावन्नूर एयूपी स्कूल की है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटना की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि छात्र की शिकायत पर हुई बहस के बाद हाथापाई शुरू हुई। स्कूल के एक शिक्षक ने छात्र की शिकायत को 'चाइल्डलाइन' के पास भेज दिया था।

उसने बताया कि झगड़ा तब शुरू हुआ जब महिला शिक्षक का पति उसे लेने के लिए संस्थान आया। जब उसने कर्मचारी परिषद की बैठक में अन्य शिक्षकों को उक्त घटना के लिए महिला शिक्षक पर आरोप लगाते हुए देखा, तब उसके पति एमपी. शाजी ने अन्य शिक्षकों से बहस शुरू कर दी, जिसके परिणामस्वरूप झड़प हुई। बताया जाता है कि शाजी ने ही शिकायत ‘चाइल्डलाइन’ भेजी थी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कूल अधिकारियों की शिकायत के आधार पर शाजी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि शाजी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 332, 506 और 294 बी के तहत गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को बुधवार को यहां एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)