इंदौर (मध्यप्रदेश), 15 अक्टूबर राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके नेतृत्व में सात महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर ने बृहस्पतिवार को निशाना साधा।
कपूर ने इंदौर शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर सांवेर में एक चुनावी सभा में कहा कि सिंधिया और उनके समर्थकों ने कांग्रेस के साथ कथित तौर पर विश्वासघात करते हुए पाला बदल दिया और कमलनाथ सरकार गिरा दी।
कांग्रेस सचिव ने कहा, "पार्टी मां समान होती है। लेकिन जब पार्टी (कांग्रेस) को उनके (सिंधिया और उनके समर्थक) साथ की आवश्यकता थी, तो उन्होंने पार्टी की पीठ में खंजर घोंपने का काम किया और अपने लालच के चलते कमलनाथ सरकार गिरा दी।"
उन्होंने दावा किया कि कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार के राज में प्रदेश खुशहाली की राह पर आगे बढ़ रहा था, जबकि शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई वाली मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान परेशान हैं और बिजली के बिल बढ़ गए हैं।
कपूर, पूर्व लोकसभा सांसद और सांवेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमचंद गुड्डू के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा संबोधित कर रहे थे। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट से गुड्डू ने बृहस्पतिवार को पर्चा दाखिल किया जहां उनका मुकाबला सूबे के जल संसाधन मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार तुलसीराम सिलावट से है।
गौरतलब है कि सिंधिया के नेतृत्व में सिलावट समेत कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण तत्कालीन कमलनाथ सरकार 20 मार्च को गिर गई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा 23 मार्च को सूबे की सत्ता में लौट आई थी।
इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र समेत राज्य की 28 विधानसभा सीटों के लिए तीन नवंबर को उप चुनाव होने हैं। हर्ष अमित
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY