देश की खबरें | कांग्रेस के शासन में वैज्ञानिकों को जेल भेजा जाता था: राजस्थान भाजपा अध्यक्ष जोशी

जयपुर, 27 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी पी जोशी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में वैज्ञानिकों के खिलाफ साजिश रची जाती थी और उन्हें जेल भेज दिया जाता था।

उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा, जिन्होंने चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने के इसरो के सफल अभियान का श्रेय वैज्ञानिकों के साथ पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी को दिया है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार के शासनकाल में पहली बार वैज्ञानिक समुदाय को उचित सुविधाएं और संसाधन प्रदान किये गये।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अनेक प्रधानमंत्री आये और गये। लेकिन पहली बार प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में वैज्ञानिकों को संसाधन और सुविधाएं प्रदान की गयीं और भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला विश्व का पहला देश बना।’’

जोशी ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के शासनकाल में वैज्ञानिकों को कोई सुविधा नहीं मिलती थी और उन्हें साजिश रचकर जेल भेज दिया जाता था।’’

जोशी ने कहा, ‘‘इन दिनों गहलोत को ‘रेड डायरी’ का और चुनाव हार जाने का डर है। कांग्रेस के शासनकाल में हुए काले कारनामे और भ्रष्टाचार छिपाने के लिए वह इस तरह के बयान देते हैं। लेकिन जनता सच जानती है और कांग्रेस को नहीं छोड़ेगी।’’

उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि अगर उन्हें ‘रेड डायरी’ का डर नहीं था तो उनकी सरकार में मंत्री राजेंद्र गुढा को क्यों हटाया गया।

राजस्थान के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जुलाई 2020 में आयकर छापे के दौरान कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के आवास से जो लाल डायरी उन्होंने हासिल की थी, उसमें गहलोत के वित्तीय लेनदेन का विवरण था।

राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)