देश की खबरें | राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल बस पलटी, 17 छात्र घायल

कोटा (राजस्थान), 19 जुलाई राजस्थान के झालावाड़ शहर में मंगलवार को एक निजी स्कूल की बस डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से कम से कम 17 छात्र और एक संवाहक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

झालावाड़ के पुलिस उपाधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बृजमोहन मीणा के मुताबिक यह घटना सचिवालय के सामने सुबह करीब सात बजकर 15 मिनट पर हुई।

क्षेत्राधिकारी बृजमोहन मीणा के अनुसार बस में कुल 25 छात्र सवार थे। घायल छात्रों को एसजीआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक मीणा के अनुसार बस के संवाहक के पैर में फ्रैक्चर हो गया था, इसके बाद उसे कोटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।

घायल छात्रों ने दावा किया कि बस बहुत तेज गति से चल रही थी। बस के चालक को हिरासत में ले लिया गया है और बस को सीज कर दिया गया है।

झालावाड़ के मंडल निरीक्षक बलबीर सिंह के मुताबिक बस के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)