ताजा खबरें | राजदंड वृत्तचित्र का निर्माण इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र ने किया था : सरकार

नयी दिल्ली, 27 जुलाई केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि राजदंड (सेंगोल) के इतिहास पर वृत्तचित्र सरकारी रिकॉर्ड, संस्थागत स्मृति और तत्कालीन मीडिया रिपोर्टों पर आधारित है।

सरकार का दावा है कि यह ब्रिटिशकाल से स्वतंत्र भारत में सत्ता के हस्तांतरण का प्रतीक है।

सूचना और प्रसारण मंत्री ठाकुर ने एक सवाल के लिखित जवाब में उच्च सदन को बताया कि वृत्तचित्र का निर्माण इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) द्वारा किया गया था और इसके निर्माण की लागत समग्र कार्य का हिस्सा थी।

ठाकुर ने कहा कि राजदंड के इतिहास और महत्व के पुनर्निर्माण के लिए जिन स्रोतों का उल्लेख किया गया है, उनमें तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ मंत्री का नीति नोट 2021-22 शामिल है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए ‘‘वुम्मिडी परिवार की संस्थागत स्मृति और उसकी वेबसाइट’’ पर भी भरोसा किया गया।

ठाकुर ने कहा कि वृत्तचित्र निर्माताओं ने तत्कालीन मीडिया कवरेज को भी आधार बनाया जिनमें द हिंदू, इंडियन एक्सप्रेस, हिंदुस्तान टाइम्स, स्टेट्समैन जैसे समाचार पत्रों के अलावा टाइम पत्रिका भी शामिल हैं। इसके अलावा वृत्तचित्र के लिए कुछ किताबों को भी आधार बनाया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)