जरुरी जानकारी | सौरभ वत्स निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक नियुक्त

नयी दिल्ली, 21 मार्च निसान मोटर इंडिया ने सौरभ वत्स को कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि उनका कार्यकाल एक अप्रैल, 2024 से प्रभावी होगा।

वत्स 15 जनवरी को कंपनी के उप प्रबंध निदेशक के तौर पर नियुक्त किए गए थे।

कंपनी ने बयान में कहा कि वत्स निसान इंडिया परिचालन के अध्यक्ष और ‘बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन’ के क्षेत्रीय प्रभाग के उपाध्यक्ष फ्रैंक टोरेस को रिपोर्ट करेंगे।

उन्होंने राकेश श्रीवास्तव का स्थान लिया है, जो 31 मार्च, 2024 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

टोरेस ने कहा, “जैसे-जैसे हम भारत के लिए परिवर्तन योजना के एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं, हमें सौरभ वत्स के रूप में एक अनुभवी नेतृत्व मिला है। वह राकेश द्वारा रखी गई आधारशिला पर निर्माण करेंगे और हमारे वृद्धि के अगले चरण का नेतृत्व करेंगे।”

निसान ने रेनो-निसान गठबंधन के तहत भारत में 5,300 करोड़ रुपये का निवेश करने और 2023 में परिवर्तन योजना के हिस्से के रूप में भारतीय उपभोक्ताओं के लिए और अधिक उत्पाद पेश करने की प्रतिबद्धता जताई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)