जरुरी जानकारी | फ्लिपकार्ट पर इस साल साड़ी, हेडफोन की सबसे ज्यादा खरीदारी

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर ई-कॉमर्स मंच फ्लिपकार्ट पर इस साल इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों में सबसे ज्यादा बिक्री वायरलेस हेडफोन की हुई जबकि साड़ी सबसे पसंदीदा परिधान बनकर सामने आई है।

देश में ऑनलाइन खरीदारी के परिदृश्य को रेखांकित करने वाली 'फ्लिपट्रेंड्स 2023' रिपोर्ट इस ई-कॉमर्स मंच पर पंजीकृत 50 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं के खरीदारी रुझानों को दर्शाती है।

इस रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लिपकार्ट पर साड़ी सबसे ज्यादा खरीदी जाने वाली फैशन उत्पाद रही। फैशन खंड में महिलाओं के कपड़ों की बिक्री सबसे अधिक हुई।

वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के खंड में हेडफोन ने सबको पीछे छोड़ दिया। प्रीमियम लैपटॉप की बिक्री में करीब 3.2 गुना और टैबलेट बिक्री में 100 प्रतिशत उछाल भी देखने को मिला।

रिपोर्ट कहती है कि इस साल घरेलू ई-कॉमर्स मंच पर उपयोगकर्ताओं ने औसतन सात घंटे का समय व्यतीत किया। महानगरों के अलावा दूसरी एवं तीसरी श्रेणी (मझोले एवं छोटे शहरों) के शहरों से भी ऑनलाइन खरीदारी में काफी उछाल देखा गया।

फ्लिपकार्ट में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (विश्लेषण एवं डेटा) रवि विजय राघवन ने कहा, "यह रिपोर्ट विविधता से भरे इस देश में ऑनलाइन खरीदारों के व्यवहार को दर्शाती है। इससे ऑनलाइन खरीद और सामानों को तलाशने से जुड़े तौर-तरीकों का भी पता चलता है।"

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)