देश की खबरें | साहा ने की सिंधिया से मुलाकात, एमबीबी हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने की मांग

अगरतला, 24 अप्रैल त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोमवार को दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से मुलाकात की और अगरतला में एमबीबी (महाराजा बीर बिक्रम) हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने की मांग की।

मुख्यमंत्री साहा ने अगरतला से मुंबई और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने और रात की उड़ान सेवा के संचालन की भी मांग की।

साहा ने ट्वीट किया, ‘‘आज नयी दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री माननीय श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया जी से मुलाकात की। हमने एमबीबी हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने, महाराजा बीर बिक्रम माणिक्य की प्रतिमा नये हवाई अड्डे के टर्मिनल पर स्थापित करने, अगरतला से मुंबई और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू करने, रात की उड़ानों का संचालन और त्रिपुरा से एयर कार्गो सेवाओं को फिर से शुरू करने सहित विभिन्न मामलों पर बातचीत की।’’

परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया कि फिलहाल केंद्रीय केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों की कमी के कारण एमबीबी हवाईअड्डे से शाम 7.40 बजे के बाद कोई उड़ान सेवा नहीं है।

उन्होंने कहा, "परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने भी बेहतर हवाई संपर्क के लिए रात में उड़ान सेवा के संचालन के लिए अधिक सीआईएसएफ जवानों की तैनाती के लिए केंद्र को पत्र लिखा है।"

अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा पर उन्होंने कहा कि स्पाइसजेट को अगरतला और चटगांव (बांग्लादेश) के बीच उड़ान सेवा शुरू करने का ठेका दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)