देश की खबरें | शिअद प्रमुख सुखबीर बादल नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे : पार्टी

चंडीगढ़, 24 मई शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल 28 मई को दिल्ली में नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। पार्टी के नेता दलजीत सिंह चीमा ने बुधवार को यह जानकारी दी।

देश के 19 विपक्षी दलों ने इस समारोह के बहिष्कार की घोषणा की है।

चीमा ने यहां कहा, ‘‘देश को एक नया संसद भवन मिल रहा है और यह गर्व का क्षण है। हम नहीं चाहते कि इस समय कोई राजनीति हो।’’

विपक्ष के 19 दलों ने एक संयुक्त बयान में आरोप लगाया, "राष्ट्रपति मुर्मू को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए, नए संसद भवन का उद्घाटन करने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्णय न केवल राष्ट्रपति का घोर अपमान है, बल्कि हमारे लोकतंत्र पर सीधा हमला है।’’

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए चीमा ने कहा, ‘‘मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। (अरविंद) केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि जब राष्ट्रपति चंडीगढ़ आई थीं तो मुख्यमंत्री (भगवंत मान) कार्यक्रम में उपस्थित क्यों नहीं थे।’’

वह पिछले साल आठ अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चंडीगढ़ के पहले दौरे का जिक्र कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)