चंडीगढ़, 13 जुलाई शिरोमणि अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू से बुधवार को अपील की कि वह शीर्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद उन सिख कैदियों की रिहाई के लिए व्यक्तिगत रुचि लें जिन्होंने अपनी सज़ा की अवधि पूरी कर ली है।
मुर्मू को लिखे पत्र में शिअद ने भरोसा जताया कि वह सिख समुदाय के लंबित मुद्दों को हल करने में मदद करेंगी, खासकर सिख कैदियों से संबंधित मुद्दों पर।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि सिख कैदियों को उम्र कैद की सज़ा पूरी करने के बाद भी जेल में बंद रखना पूरी दुनिया में रहने वाले समुदाय के लोगों के लिए चिंता का विषय है और पार्टी को उम्मीद है कि मुर्मू समुदाय के संतोष के लिए इस मुद्दे को हल करेंगी।
अन्य सिख कैदियों की रिहाई के साथ-साथ, शिअद ने बलवंत सिंह राजोआना की भी रिहाई का मुद्दा भी उठाया है। राजोआना पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या का दोषी है।
बयान के मुताबिक, पार्टी ने विश्वास जताया कि कमजोर और शोषित वर्ग की प्रतिनिधि के तौर पर मुर्मू सिख समुदाय का दर्द समझेंगी और उचित कार्रवाई करेंगी।
शिअद राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को होने वाले चुनाव में मुर्मू का समर्थन कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY