देश की खबरें | शिअद (ए) प्रमुख मान जम्मू प्रशासन के आदेश के खिलाफ अदालत गए

कठुआ/जम्मू, 20 अक्टूबर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान ने जम्मू कश्मीर में उन्हें प्रवेश नहीं देने के केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के फैसले को चुनौती देते हुए अदालत का रुख किया है। उनके वकील ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मान प्रशासन के फैसले के खिलाफ लगातार तीन दिन से लखनपुर में धरने पर बैठे हैं। बृहस्पतिवार को उनके प्रदर्शन का चौथा दिन है।

पंजाब में संगरूर से सांसद को कठुआ जिलाधिकारी राहुल पांडे के आदेश पर सोमवार शाम को रोक दिया गया था जिसके विरोध में नेता और उनके समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं।

पांडे ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से उनके संज्ञान में आया कि मान जम्मू कश्मीर आने वाले हैं और उनके आने से यहां सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है इसलिए दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत जारी उनके आदेश के अनुपालन में मान को यहां आने से रोका गया।

मान ने जम्मू कश्मीर में उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं देने के जिलाधिकारी के आदेश को चुनौती देते हुए वकील टी. एन. गुप्ता के माध्यम से कठुआ के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में एक याचिका दायर की है।

गुप्ता ने कहा कि मान ने इस आधार पर आदेश को चुनौती दी है कि कुछ दिन पहले ही उन्हें केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा की स्वीकृति दी गई थी।

गुप्ता ने कहा, ‘‘अतिरिक्त उपायुक्त (कठुआ) द्वारा तय किए गए अपने दौरे के प्रोटोकॉल के अनुसार वह 17 अक्टूबर को (पंजाब से) जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हुए। लेकिन जब वह यहां पहुंचे तो कठुआ के जिलाधिकारी ने उन्हें (जम्मू कश्मीर में प्रवेश से इनकार करने का) आदेश दिया। इसलिए वह इसे चुनौती दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि मामले में बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। गुप्ता ने कहा कि मान ने एक वरिष्ठ नागरिक के साथ-साथ एक निर्वाचित सांसद के रूप में अपने मूल अधिकारों की बहाली की भी मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)