देश की खबरें | रिश्वतखोरी के आरोप पर निलंबन रद्द होने के बाद एस ईश्वरा रेड्डी की सीडीएससीओ में वापसी

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर रिश्वतखोरी के आरोप में हुए निलंबन आदेश को 26 दिसंबर को वापस लिये जाने के बाद डॉ. एस ईश्वरा रेड्डी ने केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) में संयुक्त दवा नियंत्रक का पद फिर से संभाल लिया।

इंसुलिन इंजेक्शन के लिए तीसरे चरण के नैदानिक परीक्षणों को छोड़ने के संबंध में बायोकॉन लिमिटेड के एक सहायक उपाध्यक्ष के साथ रिश्वतखोरी के आरोप में रेड्डी को जून में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हे निलंबित कर दिया गया था।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सितंबर में रेड्डी को जमानत दे दी थी, जो उस वक्त न्यायिक हिरासत में थे।

अक्टूबर महीने में रेड्डी ने स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर न्याय की गुहरा लगाते हुए कहा था कि उनके निलंबन के आदेशों को रद्द किया जाये क्योंकि उन्हें पूरी तरह से झूठे मामले में फंसाया गया है, ताकि उनकी पदोन्नति से उन्हें वंचित किया जा सके, उनकी छवि धूमिल की जा सके और एक ईमानदार अधिकारी की उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा सके।’’

वह अब शीर्ष दवा नियामक निकाय में अपने पुराने पद पर पुन: आसीन हो गये हैं ।

रेड्डी ने इससे पहले फरवरी 2018 से अगस्त 2019 तक भारत के औषधि महानियंत्रक के रूप में काम किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)