विदेश की खबरें | रूस ने अमेरिकी मिशन के डिप्टी प्रमुख को निष्कासित किया

अमेरिका के विदेश विभाग ने निष्कासन की पुष्टि की है। हालांकि बार्ट गोरमन को निष्कासित करने की कोई वजह नहीं दी गई है।

यूक्रेन पर रूस के हमले की आशंका के कारण रूस और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में यह निष्कसन हुआ है।

राज्य की आरआईए नोवोस्ती समाचार एजेंसी को प्रवक्ता जेसन रेभोल्ज ने बताया कि मास्को स्थित अमेरिकी मिशन में गोरमन दूसरे नंबर के अधिकारी थे और उनके पास ओपन वीजा था। खबर के अनुसार, वह मास्को में तीन साल से भी कम समय के लिए रहे।

यूक्रेन के पूर्वी भाग में देश की सेना और रूस समर्थित अलगाववादियों द्वारा एक-दूसरे पर भीषण गोलाबारी का आरोप लगाए जाने के बाद बृहस्पतिवार को भी हालात बेहद तनावपूर्ण रहे। पश्चिमी देशों को डर है कि रूस यूक्रेन पर हमला कर सकता है।

वहीं, अमेरिका और उसके नाटो सहयोगियों का कहना है कि रूस द्वारा सैनिकों की वापसी के संबंध में किए गए वादे पर फिलहाल उन्हें अमल होता नहीं दिख रहा है।

ब्रसेल्स स्थित नाटो मुख्यालय में अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा, ‘‘हमने उनकी सेना को सीमा के करीब पहुंचते देखा है। हम उन्हें लड़ाकू और अन्य विमानों से आते हुए देख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने काला सागर में उन्हें अपनी तैयारियां तेज करते हुए देखा है। आप बिना किसी कारण यह सब नहीं करते हैं, और आप सब कुछ समेटकर घर लौटते हुए भी ऐसा नहीं करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)