जरुरी जानकारी | रुपया नौ पैसे गिरकर 85.20 प्रति डॉलर के नये सर्वकालिक निचले स्तर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के बीच रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे की गिरावट के साथ 85.20 (अस्थायी) के नये सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।
मुंबई, 24 दिसंबर अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के बीच रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे की गिरावट के साथ 85.20 (अस्थायी) के नये सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।
विश्लेषकों के अनुसार, महीने के अंत में भुगतान दायित्व के कारण डॉलर की बढ़ती मांग और अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के आक्रामक आयात शुल्क लागू करने की आशंका ने डॉलर को मजबूत किया। इसके अलावा, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने रुपये को और नीचे ला दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.10 पर खुला और दिन के कारोबार में डॉलर के मुकाबले 85.21 के अबतक के सबसे निचले स्तर पर आ गया।
कारोबार के अंत में रुपया 85.20 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले नौ पैसे की गिरावट है। रुपया सोमवार को सात पैसे गिरकर 85.11 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर घरेलू बाजारों, आयातकों की तरफ से डॉलर की बढ़ती मांग और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपया अबतक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व का आक्रामक रुख और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार से डॉलर को और समर्थन मिल सकता है।
चौधरी ने कहा, ‘‘एफआईआई निकासी से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है। हालांकि, रिजर्व बैंक (आरबीआई) के किसी भी तरह के हस्तक्षेप से निचले स्तर पर रुपये को सहारा मिलने की उम्मीद है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत बढ़कर 107.93 पर था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.69 प्रतिशत बढ़कर 73.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 168.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 24, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

