देश की खबरें | ओडिशा विधानसभा में लगातार छठे दिन हंगामा, सदन की कार्यवाही शाम चार बजे तक स्थगित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा विधानसभा में लगातार छठे दिन भी हंगामा देखने को मिला जिसकी वजह से विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक को सदन की कार्यवाही शाम चार बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
भुवनेश्वर, 30 सितंबर ओडिशा विधानसभा में लगातार छठे दिन भी हंगामा देखने को मिला जिसकी वजह से विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक को सदन की कार्यवाही शाम चार बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही जैसे प्रश्नकाल के लिए शुरू हुई और मलिक आसन पर बैठीं वैसे ही विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने पार्टी के दो विधायकों मोहन माझी और मुकेश महालिंग को बृहस्पतिवार को आसन पर ‘दाल’ फेंकने के आरोप में निलंबित करने के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
आरोपों से इनकार करते हुए माझी ने दावा किया कि विधानसभा अध्यक्ष ने सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरों को देखे बिना दो विधायकों को निलंबित कर दिया जो दुर्भाग्यपूर्ण है। दोनों विधायकों को विधानसभा के मौजूदा सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया है। सदन की कार्यवाही चार अक्टूबर तक चलेगी।
भाजपा सदस्यों ने सदन के रिकॉर्ड से ‘मानसिक स्वास्थ्य विकार’ शब्द को हटाने की भी मांग की। नयागढ़ से सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्य अरुण कुमार साहू ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ यह टिप्पणी की थी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक जयनारायण मिश्र ने कहा, ‘‘विधानसभा अध्यक्ष सत्तारूढ़ दल के हाथ की गुड़िया हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ बीजद जानबूझकर अहम हिस्सों पर बहस से बचना चाहती है और इसलिए सचदन की कार्यवाही अचानक शाम चार बजे स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा ने भी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही चलाना विधानसभा अध्यक्ष का कार्य है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही अचानक शाम चार बजे तक स्थगित करने के बजाय विधानसभा अध्यक्ष को सर्वदलीय बुलानी चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चले।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 30, 2023 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

