एजेंसी न्यूज

पश्चिम बंगाल में कोविड-19 से उत्पन्न हालात को लेकर तृणमूल कांग्रेस और राज्यपाल के बीच वाकयुद्ध

तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए राज्यपाल पर राजभवन को भाजपा की राज्य इकाई के मुख्यालय में तब्दील करने का आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल में कोविड-19 से उत्पन्न हालात को लेकर तृणमूल कांग्रेस और राज्यपाल के बीच वाकयुद्ध
जमात

कोलकाता, दो मई पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शनिवार को राज्य सरकार पर कोविड-19 के आंकड़ों पर पर्दा डालने के लिये अभियान चलाने का आरोप लगाया, जिसके बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और राजभवन के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।

तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए राज्यपाल पर राजभवन को भाजपा की राज्य इकाई के मुख्यालय में तब्दील करने का आरोप लगाया।

इससे पहले धनखड़ ने आरोप लगाया कि केन्द्र की जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 932 मामले हैं जबकि राज्य सरकार की ओर से बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार फिलहाल 572 लोग संक्रमित हैं।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि राजभवन को 932 मामले होने की जानकारी कहां से मिली क्योंकि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर कहा गया है कि राज्य में कुल 795 लोग संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से 139 लोगों को छुट्टी मिल चुकी है जबकि 33 लोगों की मौत हो गई है।

धनखड़ ने ट्वीट किया, ''ममता बनर्जी, कोविड-19 के आंकड़ों पर पर्दा डालने की मुहिम बंद कीजिये और पारदर्शिता के साथ इन्हें साझा कीजिये। 30 अप्रैल के स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में 572 मामले हैं। एक मई को स्वास्थ्य बुलेटिन जारी ही नहीं किया गया। केन्द्र की जानकारी के अनुसार राज्य में 932 लोग संक्रमित हैं।''

तृणमूल कांग्रेस ने इसपर तुरंत पलटवार करते हुए कहा कि राज्यपाल ने राज्य में विपक्षी दल का दामन थाम रखा है।

राज्य के वरिष्ठ मंत्री फरहाद हाकिम ने कहा, ''उन्होंने (धनखड़) राजभवन को भाजपा की राज्य इकाई का मुख्यालय बना दिया है। राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन ऐसी पहले किसी राज्यपाल ने नहीं बोली। वह भाजपा के प्रवक्ता की तरह व्यवहार कर रहे हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 11:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).