देश की खबरें | आरएसएस प्रमुख भागवत को सरकार से जाति जनगणना के लिए कहना चाहिए : राजद सांसद मनोज झा

नयी दिल्ली, सात सितंबर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत द्वारा आरक्षण का समर्थन किए जाने के एक दिन बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और सांसद मनोज झा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें सरकार से जाति आधारित जनगणना की खातिर सहमत होने के लिए कहना चाहिए।

भागवत ने बुधवार को कहा था, ‘‘...आरक्षण तब तक जारी रहना चाहिए जब तक भेदभाव बना हुआ है। संविधान में प्रदत्त आरक्षण का हम संघवाले पूरा समर्थन करते हैं।’’

राजद नेता ने कहा, "वे गोलवलकर (पूर्व आरएसएस प्रमुख एमएस गोलवरकर) के अनुयायी हैं...लेकिन मुझे खुशी है कि उन्होंने कम से कम संविधान के अनुसार सोचना शुरू कर दिया है।"

उन्होंने आरएसएस का जिक्र करते हुए कहा, "वे खुद को सामाजिक संगठन कहते हैं, लेकिन वे एक राजनीतिक संगठन हैं और वे सरकार चलाते हैं...आप जाति आधारित जनगणना पर चुप क्यों हैं?"

झा ने कहा कि आरएसएस प्रमुख भागवत को सरकार से जाति आधारित जनगणना कराने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने कहा, "सरकार से कहें कि वह जाति आधारित जनगणना के लिए सहमत हो। अन्यथा आपने जो कहा है वह सिर्फ खबरों में बने रहने के लिए जुबानी जमाखर्च है।"

कांग्रेस, जनता दल (यू), राजद और समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों ने जाति आधारित जनगणना कराने का समर्थन किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)