देश की खबरें | अंतरिम बजट में दिल्ली के लिए 1,168 करोड़ रुपये आवंटित

नयी दिल्ली, एक फरवरी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, दिल्ली (एनसीटीडी) के लिए 2024-25 के अंतरिम बजट में 1,168 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं। हालांकि दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने इसे लेकर केंद्र पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से बृहस्पतिवार को पेश किए गए अंतरिम बजट में 2024-25 के लिए दिल्ली को 1,168.01 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

वर्ष 2022-23 के बजट में दिल्ली को 960 करोड़ रुपये आवंटित किये गये थे, जबकि वर्ष 2023-24 में इसे बढ़ाकर 1,168.01 करोड़ रुपये कर दिया गया था। हालांकि इस बारे इसे बढ़ाया नहीं गया है।

दिल्ली के लिए केंद्रीय करों और शुल्कों में हिस्सेदारी के बदले कोई अनुदान नहीं है। वर्ष 2022-23 के बजट में यह 325 करोड़ रुपये था।

दिल्ली की वित्त मंत्री और आप नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि इस बजट ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार वास्तव में खोखले वादों की सरकार है और दिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है।

आतिशी ने 'पीटीआई-वीडियो' सेवा से कहा, ‘‘केंद्रीय करों में दिल्ली की हिस्सेदारी 15,000 करोड़ रुपये है, लेकिन केंद्र द्वारा इसे केवल 1,100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। हर बार की तरह इस बार भी हमारे साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को एक भी पैसा नहीं दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने शहरी स्थानीय निकायों को 15,000 करोड़ रुपये से लेकर 16,000 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता प्रदान की है, लेकिन एमसीडी के लिए कोई आवंटन नहीं किया गया है। उनके पास दिल्ली सरकार या एमसीडी के लिए पैसा नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)