देश की खबरें | आरपीआई (ए) के कार्यकर्ता मुंबई में कंगना की रक्षा करेंगेः अठावले
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, आठ सितंबर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मंगलवार को कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत जब मुंबई पहुंचेंगी तो आरपीआई (ए) के कार्यकर्ता उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएंगे।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मुंबई पुलिस पर टिप्पणी को लेकर रनौत की सत्तारूढ़ शिवसेना से तीखी ज़बानी जंग चल रही है।

यह भी पढ़े | Punjab: पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में मानव अंगों की तस्करी की अफवाह उड़ाने वाला नंबरदार गिरफ्तार.

रनौत ने मुंबई की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से तुलना की थी जिसके बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने अभिनेत्री से कथित रूप से शहर नहीं लौटने को कहा था। रनौत ने कहा था कि वह नौ सितंबर को मुंबई पहुंचेंगी और किसी में हिम्मत है तो उन्हें रोक ले।

केंद्रीय मंत्री ने एक बयान में कहा, " रनौत बुधवार को जब मुंबई पहुंचेगी तो आरपीआई (ए) के कार्यकर्ता उन्हें सुरक्षा देने के लिए तैयार हैं। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें हवाई अड्डे के साथ-साथ उनके आवास पर भी सुरक्षा की पेशकश करेंगे।"

यह भी पढ़े | अभिनेत्री संयुक्ता हेगड़े से मारपीट के आरोप में कांग्रेस नेत्री कविता रेड्डी बेंगलुरु में गिरफ्तार: 8 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अठावले की पार्टी केंद्र और महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी है।

शिवसेना की अगुवाई वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार पर हमला करते हुए अठावले ने कहा, " रनौत ने मुंबई शहर की नहीं, बल्कि राज्य सरकार की आलोचना की थी। सरकार की आलोचना करने पर यहां रहने के उनके अधिकार का विरोध करना लोकतांत्रिक सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्हें मुंबई में रहने का पूरा हक है। "

केंद्रीय मंत्री ने यह भी दावा किया कि रनौत ने मुंबई में उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की पेशकश के लिए उनका धन्यवाद किया है।

उन्होंने कहा, " शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत को मुंबई में रहने के अधिकार पर अभिनेत्री को धमकी नहीं देनी चाहिए थी।"

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने रनौत को सोमवार को वाई प्लस सुरक्षा कवर देने का एलान किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)