नयी दिल्ली, छह मार्च बीमा सलाहकारों के नेटवर्क के जरिये बीमा का विकल्प देने वाली रिन्यूबाय आने वाले महीनों में देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपने नेटवर्क को दोगुना कर 8,000 करेगी। कंपनी का लक्ष्य देश के पूर्वोत्तर हिस्से में परिचालन बढ़ाना है, जिसके लिए वह बीमा सलाहकार नेटवर्क बढ़ा रही है।
वर्तमान में, कंपनी के 4,000 बीमा सलाहकार नेटवर्क है, जिसमें 1.25 लाख से अधिक बीमा सलाहकार हैं। कंपनी के जरिये 1,500 शहरों और कस्बों में 55 लाख से अधिक लोगों का बीमा किया गया है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी पूर्वोत्तर के 80 प्रतिशत से अधिक जिलों में मौजूदगी है और उसका कार्यालय गुवाहाटी में है।
रिन्यूबाय के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बालाचंदर शेखर ने कहा, ‘‘हमारे कम लागत वाले स्वास्थ्य बीमा और स्मार्ट ‘टर्म’ (सावधि) प्लान को व्यापक रूप से अपनाया गया है। यह सरल और किफायती बीमा उत्पादों की बढ़ती मांग को बताता है।’’
बालाचंदर शेखर और इंद्रनील चटर्जी द्वारा 2015 में स्थापित रिन्यूबाय ग्राहकों को बीमा सलाहकारों के नेटवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य, जीवन और मोटर बीमा उत्पाद खरीदने का विकल्प प्रदान करता है।
रिन्यूबाय ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य बीमा अपनाने में तेज वृद्धि हो रही है।
कंपनी ने कहा कि डिजिटलीकरण के बढ़ते चलन और बड़े पैमाने पर स्मार्टफोन के उपयोग के साथ मझोले और छोटे शहरों में डिजिटल बीमा लेने में महत्वपूर्ण वृद्धि देखी जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY