देश की खबरें | रिजीजू ने जम्मू कश्मीर अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र के परिसरों का उद्घाटन किया

श्रीनगर, 14 अप्रैल केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरण रिजीजू ने बृहस्पतिवार को यहां जम्मू कश्मीर अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र (जेकेआईएसी) के नए परिसरों का उद्घाटन किया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

यह केंद्र लाल चौक पर ‘ओल्ड सदर कोर्ट कॉम्प्लेक्स’ में बनाया गया है।

जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पंकज मित्तल और अन्य गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।

रिजीजू ने इस अवसर पर समकालीन महत्व के संस्थान की स्थापना के लिए जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय की सराहना की।

उन्होंने देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था के मद्देनजर वाणिज्यिक लेन-देन में मध्यस्थता की महत्ता पर जोर दिया, खासतौर से अंतरराष्ट्रीय लेनदेन में। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता कारोबार सुगमता में सुधार के लिए बहुत महत्वपूर्ण औजार है।

मंत्री ने कहा कि मध्यस्थता से बेहतर गुणवत्ता का न्याय मिल सकता है क्योंकि अदालतों पर मामलों का पहले ही अत्यधिक भार है।

रिजीजू ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर की न्यायपालिका को हरसंभव मदद और सभी संसाधन मुहैया कराएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)