जरुरी जानकारी | प्रमुख दवा कंपनियों का राजस्व 2023-24 में नौ प्रतिशत तक बढ़ने की उम्मीदः रिपोर्ट

नयी दिल्ली, 25 जुलाई देश की प्रमुख घरेलू दवा कंपनियों का राजस्व चालू वित्त वर्ष में सात से नौ प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है। एक रिपोर्ट में यह उम्मीद जताई गई है।

रेटिंग एजेंसी इक्रा ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि घरेलू दवा बाजार में आठ-10 प्रतिशत विस्तार होने और अमेरिकी बाजार के छह-आठ प्रतिशत बढ़ने से दवा कंपनियों के राजस्व वृद्धि को समर्थन मिलेगा।

रिपोर्ट कहती है कि यूरोपीय और उभरते देशों के बाजार से घरेलू दवा कंपनियों को मिलने वाले राजस्व के क्रमशः तीन-पांच प्रतिशत और आठ-10 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। यह रिपोर्ट 25 भारतीय दवा कंपनियों के नमूने को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।

इक्रा ने कहा कि अमेरिकी बाजार में जटिल जेनरिक (सस्ती) दवाओं एवं विशेषज्ञता आधारित उत्पादों की पेशकश से वित्त वर्ष 2023-24 में भारतीय दवा उद्योग का मार्जिन बढ़ने की उम्मीद है। पिछले वित्त वर्ष में इसकी वृद्धि दर 10 प्रतिशत रही है।

इक्रा की सहायक उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रमुख मैत्री मचेरला ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2023-24 में घरेलू बाजार में आठ-10 प्रतिशत वृद्धि को आवश्यक दवाओं की राष्ट्रीय सूची के तहत शामिल उत्पादों की कीमतें 12.1 प्रतिशत तक बढ़ाए जाने की मंजूरी से समर्थन मिलेगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)