जरुरी जानकारी | यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री मार्च में 14 प्रतिशत बढ़कर 3.35 लाख इकाई पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों की आपूर्ति में सुधार से देश में यात्री वाहनों (पीवी) की खुदरा बिक्री मार्च महीने में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 3,35,266 इकाई पर पहुंच गई। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, चार अप्रैल इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों की आपूर्ति में सुधार से देश में यात्री वाहनों (पीवी) की खुदरा बिक्री मार्च महीने में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 3,35,266 इकाई पर पहुंच गई। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले महीने घरेलू बाजार में यात्री वाहनों का पंजीकरण का आंकड़ा 3,35,266 इकाई पर पहुंच गया। मार्च, 2022 में यह संख्या 2,93,016 इकाई रही थी।
फाडा ने बयान में कहा कि दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री भी पिछले महीने 12 प्रतिशत बढ़कर 14,45,867 इकाई हो गई। एक साल पहले इसी महीने में 12,86,109 दोपहिया वाहन बिके थे।
इसी तरह, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी पिछले महीने बढ़कर 92,790 इकाई रही। यह आंकड़ा पिछले साल मार्च के 84,124 इकाई से 10 प्रतिशत अधिक है।
आलोच्य अवधि के दौरान तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 69 प्रतिशत बढ़कर 86,857 इकाई पर पहुंच गई।
वहीं ट्रैक्टर बिक्री पिछले महीने चार प्रतिशत बढ़ी। यह 78,070 इकाई से बढ़कर 81,607 इकाई पर पहुंच गई।
पिछले महीने कुल वाहन पंजीकरण बढ़कर 20,41,847 इकाई हो गया। यह मार्च, 2022 में पंजीकृत 17,92,802 इकाई के आंकड़े से 14 प्रतिशत अधिक रहा।
आंकड़ों के अनुसार, बीते वित्त वर्ष 2022-23 मे यात्री वाहनों का पंजीकरण 23 प्रतिशत बढ़कर 36,20,039 इकाई रहा। इससे पिछले वित्त वर्ष यानी 2021-22 में यह 29,42,273 इकाई था।
दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री वित्त वर्ष 2022-23 में 1,34,94,214 इकाई से 19 प्रतिशत बढ़कर 1,59,95,968 इकाई हो गई।
इसी तरह वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री समाप्त वित्त वर्ष में 33 प्रतिशत बढ़ी। तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री में 84 प्रतिशत और ट्रैक्टरों क खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
वहीं इस दौरान कुल वाहन बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 2,21,50,222 इकाई हो गई। वित्त वर्ष 2021-22 कुल 1,83,27,326 वाहन बिके थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2023 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

