जरुरी जानकारी | फरवरी में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 19 प्रतिशत बढ़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. फरवरी में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 8,968 इकाई हो गई जिसमें टाटा मोटर्स सबसे आगे रही। वाहन वितरकों के निकाय फाडा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, सात मार्च फरवरी में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 8,968 इकाई हो गई जिसमें टाटा मोटर्स सबसे आगे रही। वाहन वितरकों के निकाय फाडा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पिछले साल इसी महीने में कुल यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खुदरा बिक्री 7,539 इकाई रही थी।
फेडरेशन ऑफ ऑटो डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने फरवरी, 2025 के ईवी बिक्री आंकड़े जारी करते हुए कहा कि टाटा मोटर्स ने पिछले महीने 3,825 इकाइयां बेचीं, जबकि एमजी मोटर इंडिया ने 3,270 इकाइयां बेचीं।
फाडा के अध्यक्ष सी एस विग्नेश्वर ने एक बयान में कहा, "इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों ने सालाना आधार पर 18.95 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो बढ़ती उपभोक्ता जागरूकता और व्यक्तिगत वाहन क्षेत्र में ईवी को अपनाने की प्रवृत्ति दर्शाती है। अब ईवी की बाजार हिस्सेदारी तीन प्रतिशत हो गई है।"
पिछले महीने दोपहिया ईवी खंड में 76,086 इकाइयों की बिक्री हुई, जो फरवरी, 2024 में 82,745 इकाइयों की तुलना में आठ प्रतिशत कम है। बजाज ऑटो ने पिछले महीने 21,389 इकाइयों की खुदरा बिक्री के साथ इस खंड का नेतृत्व किया।
विग्नेश्वर ने कहा, "इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खंड में 8.05 प्रतिशत की गिरावट देखी गई, लेकिन इसकी कुल दोपहिया वाहन खंड में 5.6 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।"
फरवरी में इलेक्ट्रिक तिपहिया की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर पांच प्रतिशत बढ़कर 53,116 इकाई हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2025 07:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

