नयी दिल्ली, सात अक्टूबर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-गुवाहाटी ने भारतीय सेना के लिए एक थ्री-डी प्रिंटेड मॉड्यूलर कंक्रीट संतरी पोस्ट का निर्माण किया है जिसे 24 घंटे के भीतर किसी भी स्थान पर स्थापित किया जा सकता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सेना के लिए लागत प्रभावी और टिकाऊ रक्षा बुनियादी ढांचे के विकास पर सेना की पूर्वी कमान और आईआईटी गुवाहाटी के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत यह स्वदेशी नवाचार किया गया है।
आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक टीजी सीताराम ने कहा, “यह थ्री-डी प्रिंटेड संतरी पोस्ट पूरी तरह से मॉड्यूलर है और इसे निर्माण स्थल पर ले जाकर वहां संयोजित किया जा सकता है।”
उन्होंने कहा, “संतरी पोस्ट को घुमावदार दीवार के आकार के साथ डिजाइन किया है और डिजाइन को विभिन्न आकारों के 36 मॉड्यूल में विभाजित किया है। ये इंटरलॉकिंग मापांक (मॉड्यूल) स्थानीय सामग्रियों का उपयोग करके, कंक्रीट सूत्रीकरण का उपयोग करके मुद्रित किए जाते हैं।”
सीताराम ने बृहस्पतिवार को आईआईटी गुवाहाटी परिसर में भारतीय सेना के रेड हॉर्न्स डिवीजन के ब्रिगेडियर दीपक गौर को यह संरचना सौंपी।
घन की तरह की संतरी पोस्ट 2.4 मीटर लंबी, 2.4 मीटर चौड़ी, और 2.4 मीटर ऊंची है। सभी मॉड्यूल का कुल मुद्रण समय लगभग 42 घंटे था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY