देश की खबरें | रक्षाबंधन पर अपनी 'बहन' सुषमा स्वराज को याद करता हूं: वेंकैया नायडू

नयी दिल्ली, 22 अगस्त उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रविवार को कहा कि उन्हें रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी 'बहन' सुषमा स्वराज की खास तौर पर याद आती है।

नायडू दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी के एक ट्वीट का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री द्वारा नायडू को राखी बांधने और उनके माथे पर पारंपरिक टीका लगाने की तस्वीरें साझा की थीं।

बांसुरी ने लिखा, '' कुछ बंधन इतने प्यारे और मजबूत होते हैं कि उन्हें समय के साथ विराम नहीं दिया जा सकता! सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं।''

अभिवादन का जवाब देते हुए नायडू ने ट्वीट किया, ''... कुछ बंधन समय से आगे निकल जाते हैं... मेरी बहन सुषमा जी की बहुत याद आती है, खासकर आज।''

सुषमा स्वराज का छह अगस्त 2019 को निधन हो गया था।

इससे पहले दिन में, उपराष्ट्रपति ने बेंगलुरु में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया। उन्होंने लोगों से महिलाओं की गरिमा को बनाए रखने और उनके लिए हर समय एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)