देश की खबरें | करीब 1,100 फ्लैटों की रजिस्ट्री को मंजूरी दी गई लेकिन बिल्डर ने रोक रखा है : नोएडा प्राधिकरण

नोएडा (उप्र), 24 मई नोएडा प्राधिकरण ने कहा है कि शहर में 21 समूह आवास परियोजनाओं में 1,097 फ्लैट के ‘सबलीज्ड डीड’ या रजिस्ट्री का कार्य पूरा किया जा सकता है, लेकिन रियल एस्टेट डेवलपर्स ने इसे रोक कर रखा है क्योंकि वे घर खरीदारों के पक्ष में काम नहीं करना चाहते हैं।

प्राधिकरण ने कहा कि अधिभोग प्रमाणपत्र (ओसी) जारी करने के बाद भी बिल्डर की ओर से फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री नहीं कराई जा रही है।

ओसी एक कानूनी दस्तावेज है जो यह पुष्टि करता है कि निर्माणकार्य बिल्डिंग नियमों के मुताबिक हुआ है। यह स्थानीय नगरपालिका प्रशासन द्वारा निर्माणकार्य पूरा होने के बाद जारी किया जाता है।

नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को कहा कि परियोजनाएं सेक्टर 75, 78, 121, 137, 144, 143बी, 108, 168 और 107 में स्थित हैं। प्राधिकरण ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर रजिस्ट्री सुनिश्चित नहीं की जाती है तो दोषी डेवलपर्स के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण ने 21 रियल एस्टेट परियोजनाओं की एक सूची जारी की जिसमें कुल 1,097 फ्लैटों की रजिस्ट्री मंजूर की जा सकती हैं, लेकिन इन्हें रोक दिया गया है।

नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) (ग्रुप हाउसिंग) प्रसून द्विवेदी ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिकतम घर खरीदारों को उनके घरों का कब्जा मिले। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए नोएडा प्राधिकरण अभियान चला रहा है, लेकिन अब भी घर खरीदारों के पक्ष में त्रिपक्षीय सबलीज्ड डीड या रजिस्ट्री का कार्य पूरा नहीं हो पाया है।’’

नोएडा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि सूची के मुताबिक फ्लैट खरीदारों को बिल्डर से संपर्क कर रजिस्ट्री का काम सुनिश्चित करना होगा। प्राधिकरण की ओर से बिल्डरो को भी निर्देश देते हुए खरीदारों से सहयोग करने को कहा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)