नयी दिल्ली, 17 मई राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने महाराष्ट्र विधानसभा पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की टिप्पणी से जुड़े मामले को बुधवार को विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया।
महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नारवेकर ने राज्य विधानसभा के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर राज्यसभा सदस्य संजय राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस सभापति धनखड़ को सौंपा है। राउत ने महाराष्टू विधानसभा को ‘चोर मंडल’ कहा था।
राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ‘‘...माननीय सभापति महोदय, राज्यसभा ने ‘यह विधान मंडल नहीं चोर मंडल’ है कहने वाले राज्यसभा के माननीय सदस्य श्री संजय राउत के मामले को परीक्षण, जांच और रिपोर्ट तैयार करने के लिए राज्यों के परिषद की प्रक्रिया और कामकाज के नियम 203 के तहत विशेषाधिकार समिति को भेज दिया है।’’
अधिसूचना में कहा गया है कि महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष की ओर से विधानमंडल के संबंध में टिप्पणी को लेकर संजय राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस छह अप्रैल को प्राप्त हुआ, जिसमें सभापति से उनके खिलाफ उचित जांच करके कार्रवाई और फैसला करने का अनुरोध किया गया था।
राज्यसभा को भेजे गए संवाद में महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष नारवेकर ने कहा, ‘‘आपसे विनम्र अनुरोध है कि राज्यसभा के सदस्य श्री संजय राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और अवमानना के इस मामले को विचार, जांच, कार्रवाई और फैसले के लिए राज्यसभा के माननीय सभापति के समक्ष रखें।’’
इस संबंध में फैसला प्रक्रियाओं और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY