चंडीगढ़, 13 दिसंबर राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता रेखा शर्मा को शुक्रवार को हरियाणा से राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने पर यह घोषणा की गई।
शर्मा ने उपचुनाव के लिए हरियाणा से मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया था। वह चुनाव मैदान में एकमात्र उम्मीदवार थीं।
भाजपा ने 20 दिसंबर के राज्यसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को शर्मा के नाम की घोषणा की थी।
हरियाणा के मंत्री महिपाल ढांडा और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के साथ पहुंची रेखा शर्मा को निर्विरोध निर्वाचन के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने प्रमाण पत्र प्रदान किया।
विपक्षी दल ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 48 सदस्य हैं और उसे बहुमत प्राप्त है जबकि कांग्रेस के 37, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दो और तीन निर्दलीय सदस्य हैं। वहीं, नायब सिंह सैनी की सरकार को निर्दलीय सदस्यों का भी समर्थन प्राप्त है।
भाजपा के कृष्ण लाल पंवार के अक्टूबर में राज्य विधानसभा चुनाव में विजयी होने के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने से ऊपरी सदन में यह सीट रिक्त हुई थी।
पंवार अब हरियाणा की भाजपा सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री हैं।
राज्यसभा में हरियाणा की पांच सीट पर सुभाष बराला, राम चंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी भाजपा के सदस्य हैं। वहीं, एक और सीट पर रेखा शर्मा के निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के बाद ऊपरी सदन में सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्यों की संख्या चार हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY