भोपाल, 15 अप्रैल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव कैलाश विजयवर्गीय द्वारा ट्विटर पर अपलोड किया गया एक वीडियो मध्य प्रदेश के खरगोन का नहीं है, जहां रामनवमी पर हिंसा हुई थी। उन्होंने कहा कि यह वीडियो तेलंगाना का है। सिंह ने यह जानना चाहा कि क्या विजयवर्गीय के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा?
विजयवर्गीय ने ट्विटर पर 14 अप्रैल को एक वीडियो अपलोड करते हुए कहा था, ‘‘ ये हैं खरगोन में चचाजान दिग्विजय सिंह के शांतिदूत। पुलिस इन पर कार्रवाई न करे तो क्या करे? आस्तीन के सांप कोई भी हों, फन कुचलना जरूरी है।’’
सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘जरा सोचो कलाकार जी, आपको (विजयवर्गीय) फंसाने के लिए यह वीडियो आपको किसने भेजा?’’ सिंह ने कहा कि वीडियो तेलंगाना का है, न कि खरगोन का। दिग्विजय ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से पूछा कि क्या ‘‘ गलत वीडियो ’’ के लिए विजयवर्गीय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिंह ने भाजपा नेता का मजाक उड़ाते हुए कहा, ‘‘मैं ऐसा नहीं करूंगा (शिकायत), क्योंकि मैं जानता हूं कि आपके आजकल अच्छे दिन नहीं चल रहे हैं।’’
हालांकि दिग्विजय सिंह के खिलाफ कथित तौर पर धार्मिक दुश्मनी को बढ़ावा देने के आरोप में प्रदेश के विभिन्न शहरों में नौ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दिग्विजय पर आरोप है कि उन्होंने खरगोन में सांप्रदायिक हिंसा पर टिप्पणी करते हुए दूसरे राज्य में एक मस्जिद पर भगवा झंडा फहराये जाने की तस्वीर ट्वीट की थी। हालांकि बाद में सिंह ने इस तस्वीर को हटा दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY