देश की खबरें | राम सबके हैं, राष्ट्रीय एकता और बंधुत्व का कार्यक्रम बनना चाहिए राम मंदिर का भूमि पूजन: प्रियंका
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, चार अगस्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को कहा कि भगवान राम सबके हैं और ऐसे में बुधवार को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए होने जा रहा भूमि पूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बनना चाहिए।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कारण मंदिर का सपना साकार होने जा रहा है और प्रदेश कांग्रेस कमेटी राम मंदिर निर्माण के लिए चांदी की 11 ईंटें भेजेगी।

यह भी पढ़े | कोरोना के गोवा में 259 नए मामले पाए गए, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7075 हुई: 4 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गौरतलब है कि अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने एक बयान में कहा, ‘‘दुनिया और भारतीय उपमहाद्वीप की संस्कृति में रामायण की गहरी और अमिट छाप है। भगवान राम, माता सीता और रामायण की गाथा हजारों वर्षों से हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह आलोकित है।’’

यह भी पढ़े | Ram Mandir Bhumi Pujan: राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद से लेकर भूमिपूजन तक, पढ़े पूरी टाइमलाइन.

उनके मुताबिक, भारतीय मनीषा रामायण के प्रसंगों से धर्म, नीति, कर्तव्यपरायणता, त्याग, उदारता, प्रेम, पराक्रम और सेवा की प्रेरणा पाती रही है। उन्होंने कहा ‘‘उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम तक रामकथा अनेक रूपों में स्वयं को अभिव्यक्त करती चली आ रही है। श्रीहरि के अनगिनत रूपों की तरह ही रामकथा हरिकथा अनंता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘युग-युगांतर से भगवान राम का चरित्र भारतीय भूभाग में मानवता को जोड़ने का सूत्र रहा है। भगवान राम आश्रय हैं और त्याग भी। राम सबरी के हैं, सुग्रीव के भी। राम वाल्मीकि के हैं और भास के भी। राम कंबन के हैं और एषुत्तच्छन के भी। राम कबीर के हैं, तुलसीदास के हैं, रैदास के हैं। सबके दाता राम हैं।’’

प्रियंका ने कहा, ‘‘ गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सन्मति देने वाले हैं। वारिस अली शाह कहते हैं जो रब है वही राम है। राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त राम को ‘निर्बल का बल’ कहते हैं। महाप्राण निराला ‘वह एक और मन रहा राम का जो न थका’ की कालजयी पंक्तियों से भगवान राम को ‘शक्ति की मौलिक कल्पना’ कहते हैं।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘राम साहस हैं, राम संगम हैं, राम संयम हैं, राम सहयोगी हैं। राम सबके हैं, राम सबमें हैं। भगवान राम सबका कल्याण चाहते हैं। इसीलिए वे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘ आगामी 5 अगस्त, 2020 को रामलला के मंदिर का भूमिपूजन का कार्यक्रम रखा गया है। भगवान राम की कृपा से यह कार्यक्रम उनके संदेश को प्रसारित करने वाला राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने। जय सियाराम।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘ राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन से एक दिन पहले मैं कोई राजनीति टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि राजनीति का धर्म होना चाहिए, धर्म की राजनीति नहीं। यह भगवान राम की मर्यादा है।’’

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कि प्रदेश कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चांदी की 11 ईंटें भेजेगी।

कमलनाथ ने भोपाल में अपने निवास पर राम दरबार सजाकर हनुमान चालीसा के पाठ का आयोजन भी किया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते हैं। हम राम मंदिर निर्माण के लिये प्रदेश की जनता की ओर से चांदी की 11 ईंट :शिला: भेज रहे हैं। ये ईंट प्रदेश के नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से चंदा एकत्रित कर खरीदे गये हैं।’’

कमलनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने वर्ष 1985 में इसकी शुरुआत की थी और वर्ष 1989 में उन्होंने ही इसका शिलान्यास करवाया था।

उन्होंने दावा किया, ‘‘राजीव गांधी जी के कारण ही राम मंदिर का सपना आज साकार हो रहा है। आज राजीव जी होते तो यह सब देखते।’’

कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि वह राम मंदिर के लिए भूमि पूजन के अवसर पर सभी देशवासियों और श्रद्धालुओं को बधाई देते हैं।

गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहा कि वह और उनका परिवार अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 21 हजार रुपये का दान देंगे।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)