देश की खबरें | राज्यसभा चुनाव : राकांपा ने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक को नोटिस जारी किया

अहमदाबाद, 22 जून गुजरात में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने और क्रॉस वोटिंग करने के मामले में सोमवार को अपने एकमात्र विधायक कांधल जडेजा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

राज्य की चार राज्यसभा सीटों के लिए 19 जून को हुए मतदान के लिए जडेजा को कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मत देने का निर्देश दिया गया था लेकिन उन्होंने स्पष्ट तौर पर भाजपा उम्मीदवार को वोट दिया।

यह भी पढ़े | राजस्थान: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने विधायक बलवान पूनिया को पार्टी से एक साल के लिए किया निलंबित: 22 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

राकांपा ने पोरबंदर जिले की कुटियाना सीट से विधायक जडेजा को सात दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने का निर्देश दिया है।

गुजरात की राकांपा इकाई के अध्यक्ष जयंत पटेल के हस्ताक्षर वाले नोटिस में कहा गया, '' यद्यपि आपको कांग्रेस उम्मीदवार के लिए मतदान करने को कहा गया था और इसके लिए पार्टी की ओर से व्हिप भी जारी किया गया था, आपने अनुशासनहीनता की और व्हिप का उल्लंघन किया। आपसे सात दिन के भीतर अपनी सफाई प्रस्तुत करने की अपेक्षा की जाती है। आपके द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को लेकर कार्रवाई की जाएगी।''

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: 7वीं सीपीसी के तहत यहां मिल रही है तगड़ी सैलरी, फटाफट करें अप्लाई.

राकांपा महाराष्ट्र की सरकार और यूपीए में कांग्रेस के साथ गठबंधन सहयोगी है। जडेजा ने खुलेआम कहा था कि वे राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को वोट देंगे।

इससे पहले भी वर्ष 2017 में राज्यसभा चुनाव में जडेजा भाजपा के पक्ष में मतदान कर चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)