ताजा खबरें | दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा की कार्यवाही दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
नयी दिल्ली, 20 जुलाई राज्यसभा की कार्यवाही दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन कार्यवाही आरंभ होने पर सभापति जगदीप धनखड़ ने उच्च सदन के मौजूदा सदस्य हरद्वार दुबे और तीन पूर्व सदस्यों दावा लामा, ऊषा मल्होत्रा और एस रामचंद्र रेड्डी के निधन का उल्लेख किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरद्वार दुबे 74 वर्ष के थे। नवंबर 2020 में उच्च सदन के लिए चुने गए दुबे का इसी साल 26 जून को निधन हो गया था।
धनखड़ ने कहा, ‘‘वह अपना कार्यकाल मुश्किल से आधा ही कर पाए थे।’’ उन्होंने कहा कि दुबे के साथ उनका निजी रिश्ता था।
उन्होंने कहा कि दुबे पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद सजग थे और वन्यजीवों व प्राकृतिक विरासत की सुरक्षा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता थी। उन्होंने कहा कि सदन में चर्चा के दौरान उनकी भागीदारी में यह परिलक्षित भी होता था।
सभापति ने कहा, ‘‘हरद्वार दुबे के निधन से देश ने एक योग्य प्रशासक, समर्पित पर्यावरणविद् और प्रतिबद्ध सांसद खो दिया है।’’
उन्होंने तीन पूर्व सदस्यों दावा लामा, ऊषा मल्होत्रा और एस रामचंद्र रेड्डी के निधन का भी उल्लेख किया।
इसके बाद पूरे सदन ने कुछ देर मौन रहकर दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात धनखड़ ने कहा कि दिवंगत सदस्यों के सम्मान में सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित की जाती है।
संसद के मानसून सत्र का आज पहला दिन है। इस सत्र का समापन 11 अगस्त को प्रस्तावित है। इस दौरान संसद के दोनों सदनों की कुल 17 बैठकें होनी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2023 11:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

