जम्मू, 26 जून रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय का दौरा किया और जम्मू कश्मीर की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री का शहर के बाहरी इलाके में त्रिकुट नगर कार्यालय में भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रमुख रवींद्र रैना ने स्वागत किया। रैना ने सिंह को केंद्र शासित प्रदेश में वर्तमान राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी।
भाजपा नेता ने बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, सांसद जुगल किशोर, पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह और कविंद्र गुप्ता के अलावा पूर्व विधायक, पंचायती राज संस्था के सदस्य और पार्षद उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री ने सभी नेताओं से जम्मू कश्मीर में मौजूदा राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति तथा जमीनी स्तर पर विभिन्न पार्टी इकाइयों के कामकाज की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि एक घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के दौरान, आगामी चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों और पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए एक महीने के कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई।
भाजपा नेताओं ने रक्षा मंत्री को अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए पार्टी के प्रयासों के बारे में भी बताया। एक जुलाई को दक्षिण कश्मीर हिमालय में शुरू होने वाली वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY