जयपुर, एक मार्च राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो कारों से 40 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर दो पार्षदों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
राजियासर के थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर कानोर गांव की रोही के पास नाकाबंदी में पुलिस ने बीकानेर की ओर से आ रही एक कार को रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने आधा किलोमीटर तक पीछा कर कार को पकड़ लिया। कार में सवार लोगों से पूछताछ में पता चला कि पीछे एक कार में डोडा- पोस्त लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि दो पार्षद तस्करों की गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रहे थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दोनों कारों में सवार प्यारेलाल, तोजेंद्र सिंह और शिवकुमार को गिरफ्तार किया गया है। प्यारेलाल पीलीबंगा नगर पालिका में कांग्रेस और तोजेंद्र सिंह निर्दलीय पार्षद है।
उन्होंने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त दोनों गाड़ियां भी जब्त कर ली गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY