जयपुर, 16 अप्रैल राजस्थान के सीकर जिले में पर्यावरण प्रेमियों के एक समूह ने जिला कारागार के बाहर प्रस्तावित पेट्रोल पंप के लिए पेड़ काटे जाने की कवायद का विरोध जताया और आरोप लगाया इसके लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाएंगे।
जिले के शिवसिंहपुरा स्थित जेल के बाहर पेट्रोल पंप लगाया जाना प्रस्तावित है और इस पंप पर खुली जेल के कैदी काम करेंगे, जिससे उनको रोजगार मिलने की उम्मीद है।
पेट्रोल पंप लगाने का शुरुआती काम शुरू हो गया था लेकिन इस बीच पर्यावरण के लिए काम कर रहे संगठन ‘मनसुख रणवां स्मृति संस्थान’ व अन्य पर्यावरण ने इसका विरोध किया।
संगठन का कहना है कि प्रस्तावित पेट्रोल पंप के लिए बड़ी संख्या में उन फलदार पेड़ों को काटा जाएगा, जो उनकी कड़ी मेहनत के बाद फले फूले हैं।
संगठन से जुड़ी डॉ. अभिलाषा रणवा ने बताया कि प्रस्तावित जगह पर पेट्रोल पंप लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती क्योंकि इसके लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटने होंगे।
उन्होंने दावा किया कि संगठन और अन्य लोगों के विरोध के बाद जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से उनकी बात हुई तथा उन्होंने विरोध कर रहे लोगों को आश्वस्त किया है हालांकि इस बारे में कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है।
वहीं डिप्टी जेलर निसार अहमद ने बताया कि खुली जेल के कैदियों को रोजगार देने की पहल के तहत, उच्चतम न्यायालय के एक निर्देश पर यह पेट्रोल पंप बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप लगाने वाली कंपनी ने आश्वासन दिया है कि अगर इसके लिए कोई पेड़ काटा या हटाया जाता है तो उसकी भरपाई के लिए चार गुणा पेड़ लगाए जाएंगे।
अहमद ने बताया कि पेड़ों को हटाने व अन्य कार्रवाई के कारण काम अभी रुका हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY