जयपुर, 25 अगस्त किसानों की आय दोगुना करने के उद्देश्य के साथ राजस्थान सरकार ऑनलाइन मंडियों की संख्या बढ़ा रही है और इस साल 119 और मंडियों को ई-नाम पोर्टल से जोड़ा गया है।
यहां जारी एक बयान के अनुसार इस साल पांच अप्रैल से 30 जून के बीच नई 119 मंडियों को ई-नाम पोर्टल से जोड़ा गया है। इस दौरान 2205 किसानों ने पंजीकरण किया है और साथ में 2989 व्यापारी पंजीबद्ध हुए और कुल 2885.3 टन का व्यापार हुआ।
इसके अनुसार चालू वित्त वर्ष में पहले से मौजूद 25 ऑनलाइन मंडियों में 97 किसानों और 50 व्यापारी और कमीशन एजेंट के नए पंजीकरण हुए है। साथ में 1,79,420 मीट्रिक टन से अधिक कृषि उपज का कारोबार किया गया।
राजस्थान के कृषि और बागवानी विभाग के प्रमुख सचिव कुंजी लाल मीणा ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सोच के अनुसार राज्य सरकार किसानों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत किसान कल्याण के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने हेतु कई प्रयास किए जा रहे है तथा किसानों के बीच प्रौद्योगिकी साक्षरता में वृद्धि पर भी जोर दिया जा रहा है।’’
यह भी पढ़े | तिरुवनंतपुरम: केरल सचिवालय में लगी आग पर काबू पाया गया: 25 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
बयान के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के बीच राज्य सरकार ऑनलाइन मंच के जरिए किसानों को उनकी उपज का अच्छा लाभ दिलाने के लिए काम कर रही है।
इसके अनुसार राजस्थान देश का पहला राज्य है जहां 144 मंडियों (एपीएमसी) को ई-नाम से जोड़ा गया है।
पृथ्वी कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY