देश की खबरें | पायलट का पीछा करने में व्यस्त राजस्थान सरकार ‘ऑटो पायलट मोड’ में : केंद्रीय मंत्री शेखावत

नयी दिल्ली, 14 जुलाई राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर तंज करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश सरकार ‘ऑटो पायलट मोड’ में है क्योंकि मुख्यमंत्री एक ‘पायलट का पीछा करने में व्यस्त’ हैं।

केंद्रीय मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस ने गहलोत सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले सचिन पायलट एवं दो अन्य मंत्रियों को उनके पदों से हटा दिया है। पायलट को उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है।

यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश: फ्लाईओवर पर सड़क के बीच आकर टाइगर ने लगाई ऐसी दहाड़, देखते ही देखते थम गया यातायात (Watch Viral Video).

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत ने ट्वीट कर कहा, ‘‘यह देखना दुखद है कि राजस्थान सरकार ऑटो पायलट रूप में है क्योंकि मुख्यमंत्री एक पायलट का पीछा करने में व्यस्त हैं।’’

शेखावत राजस्थान के जोधपुर से सांसद हैं।

यह भी पढ़े | बिहार में कोविड-19 के 1432 नए पॉजिटिव केस आए सामने, राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 18,853 हुआ: 14 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

शेखावत ने गांधी परिवार पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ बगावत के सुरों से साफ ज़ाहिर है कि राजा के महल में घुटन बहुत है!’’

उन्होंने कहा कि यह गहलोत जी की ज़बरदस्ती की बाड़ेबंदी है, अपनी कमियों को दूसरों पर थोपना, चुने गए विधायकों को भेड़ बकरी समझना और विद्रोह के लिये भाजपा को जिम्मेदार ठहराना।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)