जयपुर, छह मार्च राजस्थान के उदयपुर में सज्जनगढ़ वन क्षेत्र में लगी आग ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया हालांकि आग पर काबू पाने के लिए कदम उठाये जा रहे हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उदयपुर के जिलाधिकारी नमित मेहता ने पत्रकारों को बताया कि हालात पर काबू पाने के लिए दमकल की 14 गाड़ियां लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण आग ने बृहस्पतिवार एक बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया हालांकि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस, दमकल और वन विभाग की टीमें भी हालात पर नजर रख रही हैं लेकिन अब तक हेलीकॉप्टर की जरूरत नहीं जताई गयी है।
पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर आग लगी उसके आसपास आबादी वाला क्षेत्र है हालांकि प्रशासन ने कुछ घरों को खाली करा दिया है और उन घरों से गैस सिलेंडर निकाल लिए गये हैं।
पुलिस ने बताया कि आग के मद्देनजर सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य और बायोलॉजिकल पार्क दोनों में पर्यटकों का प्रवेश रोक दिया गया है।
वन अधिकारी (डीएफओ) सुनील सिंह ने बताया कि आज (बृहस्पतिवार को) आग फैलने की सूचना मिली थी और उस समय मानसून पैलेस व बायोलॉजिकल पार्क में करीब 50 पर्यटक मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले टिकट खिड़की को बंद किया गया और उसके बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा पार्क में प्रवेश बंद कर दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY