देश की खबरें | राजस्थान : पृथक आरक्षण के मुद्दे पर माली समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने ओबीसी आयोग से की मुलाकात

जयपुर, एक मई माली समुदाय के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने समुदाय की सामाजिक-आर्थिक स्थिति जानने के लिए सर्वेक्षण कराने और नौकरियों व उच्च शिक्षा में 12 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर सोमवार को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग से जयपुर में मुलाकात की।

इस बीच, आरक्षण की मांग को लेकर माली समाज के लोगों का धरना-प्रदर्शन सोमवार को लगातार 11वें दिन भी जारी रहा। समुदाय के लोगों ने जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरूद्ध कर अपना विरोध जारी रखा जबकि प्रशासन ने अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी है।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल डी.के. कुशवाह ने बताया कि ‘‘मुख्यमंत्री के साथ पूर्व में बातचीत हुई थी। उन्होंने ओबीसी आयोग को मामले पर विचार करने के लिए लिखा था। आज, प्रतिनिधिमंडल और आयोग के सदस्यों के साथ इस मुद्दे पर बैठक हुई।’’

उल्लेखनीय है कि माली समुदाय में सैनी, माली, कुशवाहा, शाक्य और मौर्य आते हैं। इन समुदायों को वर्तमान में ओबीसी श्रेणी के अंतर्गत आरक्षण प्राप्त है, लेकिन वे अलग से 12 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी माली समुदाय से हैं।

समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें ओबीसी आयोग द्वारा सर्वेक्षण कराने का आश्वासन दिया था। हालांकि, समुदाय के सदस्यों ने कहा था कि सर्वेक्षण शुरू होने पर वे आंदोलन समाप्त कर देंगे।

आरक्षण की मांग को लेकर जारी आंदोलन के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)