देश की खबरें | राजस्थान: बांदीकुई में ग्रामीणों के प्रदर्शन में शामिल व्यक्ति की मौत

जयपुर, नौ जून दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज (प्रवेश/निकास मार्ग) की मांग को लेकर दौसा के बांदीकुई में स्थानीय लोगों के प्रदर्शन में शामिल एक व्यक्ति की रविवार रात मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद परिवार के सदस्य सोमवार को शव लेने के लिए तैयार हुए।

बांदीकुई (दौसा) के पुलिस उपाधीक्षक रोहिताश देवंदा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है।

देवंदा ने बताया कि ग्रामीण बांदीकुई कस्बे के पास एक्सप्रेसवे तक पहुंच के लिए ‘इंटरकट’ की मांग कर रहे थे।

उनके अनुसार, ‘‘रविवार को एक्सप्रेसवे के पास महापंचायत हुई और प्रदर्शन के दौरान द्वारपुरा निवासी कैलाश चंद शर्मा की तबीयत शाम करीब चार बजे खराब हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब नौ बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।’’

अधिकारी के अनुसार, शर्मा की मौत के बाद, परिवार के सदस्य उनका शव बांदीकुई में प्रदर्शन स्थल पर वापस ले आए और रात भर प्रदर्शन जारी रखा।

वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने हटने से इनकार कर दिया।

सोमवार की सुबह जब प्रदर्शनकारी एक्सप्रेसवे जाम करने के लिए आगे बढ़ने लगे, तो पुलिस ने हस्तक्षेप किया और तनाव बढ़ने से रोका।

देवंदा ने बताया कि कई दौर की बातचीत के बाद, परिवार के सदस्य शव लेने के लिए राजी हो गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)