देश की खबरें | राजस्थान: कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी को ब्रेन हेमरेज, अस्पताल में भर्ती

जयपुर, 27 अगस्त वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी को मस्तिष्क में रक्तस्राव (ब्रेन हेमरेज) की समस्या से पीड़ित होने पर रविवार को एक स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बाद में उन्हें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर सरकार द्वारा संचालित सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल ले जाया गया।

चिकित्सकों की एक टीम ने रक्त के थक्के को हटाने के लिए मैराथन सर्जरी की, जबकि कांग्रेस नेता के स्वास्थ्य का प्रबंधन करने के लिए चिकित्सकों की नौ-सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, क्योंकि डूडी को मधुमेह और हृदयरोग भी है।

एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल राजीव बाघरहट्टा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिस तरह के दौरे से वे जूझ रहे हैं, उसमें काफी उतार-चढ़ाव है। अगले दो-तीन दिन अहम हैं। एक सर्जरी की गई है। मधुमेह और हृदय रोग के कारण चिकित्सकों के एक बोर्ड का गठन किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि अभी यह कहना कठिन है कि उनकी हालत स्थिर कब होगी, फिलहाल उनकी हालत काफी चिंताजनक है।

बयान में कहा गया है कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गहलोत और अन्य राजनीतिक नेता एसएमएस अस्पताल में डूडी का हालचाल जानने पहुंचे तथा चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य के बारे में इनलोगों को जानकारी दी।

बयान में कहा गया है कि राजस्थान राज्य कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष डूडी को ब्रेन हेमरेज के बाद जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

डूडी (60) वर्ष 2013 से 2018 तक राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)