देश की खबरें | राजस्थान: दिल्ली में पार्टी की जीत पर भाजपा मुख्यालय में जश्न

जयपुर, आठ फरवरी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिले प्रचंड बहुमत का जश्न यहां पार्टी मुख्यालय में मिठाइयां बांटकर और पटाखे जलाकर मनाया गया।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया और पटाखे जलाकर खुशी का इजहार किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ को लड्डू खिलाया।

राठौड़ ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम बताया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओ की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठे वादे करने और आश्वासन देने वालों को कड़ा जवाब दिया है।

राजे ने कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर हार्दिक बधाई। इस ऐतिहासिक जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि दिल्लीवासियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक समृद्ध और प्रगतिशील दिल्ली के निर्माण का निर्णय लिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)