जयपुर, 12 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह मंगलवार दोपहर जयपुर पहुंचे।
सिंह के साथ सह-पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और सरोज पांडेय भी जयपुर आये हैं। राजस्थान में भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी भी चार्टर्ड विमान से उनके साथ पहुंचे हैं।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सीपी जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर नेताओं का स्वागत किया।
यहां से ये लोग हवाईअड्डे के पास एक होटल में पहुंचे। मुख्यमंत्री चुनने के लिए विधायक दल की बैठक शाम चार बजे पार्टी कार्यालय में होगी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के बाद एक प्रतिनिधिमंडल सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन जाएगा। बैठक के लिए नवनिर्वाचित विधायक पहले ही पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं।
राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किये जा चुके हैं। 115 सीट पर जीत हासिल कर भाजपा बहुमत हासिल करने में कामयाब रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY