नयी दिल्ली, 20 फरवरी भारतीय रेल ने सोमवार को बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे (यूआईसी) 21 से 23 फरवरी तक जयपुर में संयुक्त रूप से 18वीं विश्व सुरक्षा कांग्रेस का आयोजन करेंगे।
यूआईसी, रेलवे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है और दुनिया भर में रेल परिवहन को बढ़ावा देता है।
भारतीय रेल द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘‘यूआईसी सुरक्षा मंच की अध्यक्षता संभालने के बाद आरपीएफ के महानिदेशक ने समान जनसांख्यिकीय पैटर्न वाले एशिया, अफ्रीका और कई अन्य विकासशील देशों में कार्यरत सदस्य संगठनों की भागीदारी को बढ़ाने के लिए उपाय किए हैं ताकि उनकी आवाज सुनी जा सके और यूआईसी द्वारा प्रदान किए गए बहुपक्षीय मंच द्वारा चिंताओं का समाधान किया जा सके।’’
बयान के अनुसार, ‘‘जी-20 देशों के समूह की अध्यक्षता मिलने की पृष्ठभूमि में भारत जयपुर में इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे की 18वीं विश्व सुरक्षा कांग्रेस की मेजबानी करेगा।’’
‘‘रेलवे सुरक्षा रणनीति: भविष्य के लिए तैयारी और दृष्टिकोण’’ विषय पर केंद्रित कांग्रेस के 18वें संस्करण में यूआईसी, साझेदार अंतरराष्ट्रीय संगठनों, भारतीय रेलवे, आरपीएफ के संबंधित अधिकारियों के अलावा दुनिया भर के रेलवे संगठनों के सुरक्षा प्रमुख भाग लेंगे।
इससे पहले, 2006 और 2015 में, आरपीएफ ने नयी दिल्ली में यूआईसी विश्व सुरक्षा कांग्रेस का सफलतापूर्वक आयोजन और मेजबानी की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY