देश की खबरें | नयी दिल्ली स्टेशन पर करंट लगने से शिक्षिका की मौत की जांच करेगी रेलवे की एक समिति

नयी दिल्ली, 26 जून उत्तर रेलवे ने सोमवार को कहा कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करंट लगने से एक शिक्षिका की मौत के मामले की जांच के लिए उसने एक समिति बनायी है। उसने कहा कि वह अपने स्टेशनों पर सभी विद्युत उपकरणों का सुरक्षा ऑडिट भी कर रहा है।

रविवार सुबह गेट नंबर एक के समीप जब 34 वर्षीय साक्षी आहुजा चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन में सवार होने जा रही थी तब उनके साथ यह हादसा हुआ।

प्राथमिक जांच के अनुसार आहुजा बारिश में ट्रेन पकड़ने जा रही थीं, उसी बीच वह अपना संतुलन खो बैठीं। जब उन्होंने अपने आप को संभालने के लिए बिजली के एक खंभे को पकड़ा तब वह वहां पड़े कुछ नंगे तारों के संपर्क में आ गयी।

अधिकारियों ने कहा कि रेलवे अपने परिसरों में सभी विद्युत उपकरणों/प्रतिष्ठानों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार है।

उत्तर रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने कहा, ‘‘ हम इस घटना पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) से रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद रेलवे आगे की कार्रवाई करेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ इस घटना की जांच और उसके कारण का पता लगाने के लिए एक समिति भी बना दी गयी है। जरूरी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाये जाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ विस्तृत जांच की जाएगी तथा दोषियों को दंडित किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो, इसकी भी व्यवस्था की जा रही है।’’

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा था कि उसने संभागीय रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर पूछा है कि रखरखाव के लिए कौन जिम्मेदार है, ताकि उपयुक्त कार्रवाई की जाए।

एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने भारतीय केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से भी नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उस जगह का निरीक्षण करने को कहा है जहां महिला की करंट लगने से मौत हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्राधिकरण से यह बताने को कहा कि यह घटना कैसे हुई होगी।

दिल्ली पुलिस की प्रवक्ता सुमन नालवा ने कहा, ‘‘ हमने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।’’

उन्होंने कहा कि घटनास्थल का फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)